Search This Blog

Saturday, 19 September 2015

डिस्कॉम में नहीं टूटा गतिरोध


20-09-2015
जिले के पादरू उपखंड में 13 सितंबर को करंट लगने से एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में निगम प्रशासन द्वारा अब तक दोषी कनिष्ठ अभियंता के विरुद्ध कार्यवाही नहीं करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर बिजली कर्मचारी शुक्रवार से आंदोलन पर उतरे। पहले दिन वार्ता विफल होने के बाद कर्मचारी रातभर डिस्कॉम कार्यालय में जमे रहे। कर्मचारियों अधिकारियों के बीच दूसरे दिन शनिवार को भी गतिरोध जारी रहा। जांच रिपोर्ट तक प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय में ही डेरा जमाए रहने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर जांच शुरू की हैं। जांच में निगम द्वारा कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों को शामिल करते हुए दो तकनीकी कर्मचारियों खीमकरण खींची एवं पवन परमार को जांच में साथ में भेजा ताकि जांच की निष्पक्षता पर सवाल नहीं उठे। शनिवार को जांच किसी नतीजे पर नहीं पहुंची जिस पर कर्मचारी कार्यालय में ही डट गए। प्रदेश प्रवक्ता रमेश पंवार ने बताया कि राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी के बैनर तले शुरू हुए प्रदर्शन के बाद पहले इंटक संगठन ने एवं बाद में बीएमएस संगठन भी शामिल हो गया। पंवार ने बताया कि प्रदर्शन के बाद मुख्य मांग को छोड़ कर निगम ने गंभीरता से कार्यवाही की। कर्मचारियों के दबाव में हाथों हाथ 4 लाख रुपए का इंतजाम कर जयपुर भिजवाया। इसके अलावा बायतु उपखण्ड में कर्मचारी के उपस्थित रहने के बावजूद उसको अनुपस्थित बताने एवं वेतन काटने के मामले में शिकायत की जांच रिपोर्ट के बाद अधीक्षण अभियंता ने इस मामले में दोषी कनिष्ठ अभियंता को चार्जसीट देने एवं कर्मचारी को वेतन बनाने के आदेश जारी किए। कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के चलते कई गांव अंधेरे में डूबे हैं। वहीं शहर में भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस बीच बारिश एवं आंधी का दौर शुरू होने से भी कई जीएसएस एवं लाईने बंद रही जिससे कई गांव कस्बे अंधेरे में डूबे रहे जो शनिवार देर रात तक बहाल नहीं हो पाए। प्रदर्शन में इंटक के जेठाराम शर्मा, अनिल भंसाली, जितेन्द्र राठी, बीएमएस से जितेन्द्र छंगाणी, कुशलाराम डउकिया, पवन परमार, राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वीराज गुर्जर, प्रदेश सचिव खीमकरण खींची, संभाग अध्यक्ष आईदानसिंह ईंदा, नरेन्द्रसिंह, शिव से बाबूलाल मुढ, बाबूलाल सैन, चेतनराम, चौहटन से रमेश चौधरी, अशोक प्रजापत सहित जिले भर के कर्मचारी मौजूद थे।

बाड़मेर में शनिवार को विद्युत विभाग कार्यालय के आगे धरने पर बैठे विधुत कर्मचारी

No comments:

Post a Comment